वर्णक्रम (Spectrum)
Template:Infobox physical phenomenon
वर्णक्रम (Spectrum / स्पेक्ट्रम) विभिन्न आवृत्तियों अथवा तरंगदैर्घ्यों वाले रंगों और विकिरणों का एक सतत समूह है। सामान्य श्वेत प्रकाश सात प्रमुख रंगों का संयोजन होता है: बैंगनी (Violet), जामुनी (Indigo), नीला (Blue), हरा (Green), पीला (Yellow), नारंगी (Orange), और लाल (Red)। प्राकृतिक रूप में यह रंग संयोजन इन्द्रधनुष में स्पष्ट दिखाई देता है।
जब सूर्य के प्रकाश अथवा किसी श्वेत प्रकाश किरण को काँच के प्रिज्म से गुजारा जाता है, तो प्रकाश के अपवर्तन के कारण वह अपने अवयवी रंगों में विभाजित हो जाता है। इस घटना को 'प्रकाश का वर्ण-विक्षेपण' (Dispersion of Light) कहते हैं तथा पर्दे पर प्राप्त रंगों के इस व्यवस्थित समूह को वर्णक्रम (स्पेक्ट्रम) कहा जाता है।
VIBGYOR एवं तरंगदैर्घ्य संबंध
दृश्य वर्णक्रम के रंगों के क्रम को याद रखने के लिए संक्षेप में VIBGYOR (हिंदी में 'बैजानीहपीनाला') सूत्र का उपयोग किया जाता है:
- V – Violet (बैंगनी)
- I – Indigo (जामुनी)
- B – Blue (नीला)
- G – Green (हरा)
- Y – Yellow (पीला)
- O – Orange (नारंगी)
- R – Red (लाल)
इस वर्णक्रम में:
- लाल रंग: इसकी तरंगदैर्घ्य (Wavelength) सबसे अधिक तथा विचलन (Deviation) सबसे कम होता है। अधिक तरंगदैर्घ्य होने के कारण इसका प्रकीर्णन (Scattering) कम होता है, जिससे यह बहुत दूर से भी स्पष्ट दिखाई देता है। इसी कारण सड़क के किनारे लगे चेतावनी बोर्ड और खतरे के संकेत लाल रंग के बनाए जाते हैं।
- बैंगनी रंग: इसकी तरंगदैर्घ्य सबसे कम तथा प्रिज्म द्वारा विचलन सबसे अधिक होता है।
