ऐनेलिडा (Annelida)
From LTRC
ऐनेलिडा (लैटिन: Annelida) द्विपार्श्व सममित (bilaterally symmetrical), त्रिस्तरीय (triploblastic), खंडीकृत (segmented), और वास्तविक प्रगुहा (true coelom) वाले अकशेरुकी जंतुओं का एक संघ है। 'ऐनेलिडा' शब्द का प्रयोग सबसे पहले 1809 में जीन-बैप्टिस्ट लैमार्क (J. B. Lamarck) ने किया था। यह शब्द लैटिन भाषा के 'ऐन्युलस' (Annulus) यानी "छोटी अंगूठी" और ग्रीक शब्द 'इडोस' (Eidos) यानी "रूप" से मिलकर बना है।
इस संघ में जल और थल दोनों जगहों पर पाए जाने वाले केंचुए, बालू कृमि (sandworms) और जोंक आदि शामिल हैं। ये ज्यादातर स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले जीव होते हैं, हालांकि जोंक जैसे कुछ जीवों में रक्त चूसने (परजीवी) की प्रवृत्ति होती है।
सामान्य लक्षण
- शारीरिक संगठन: इन जंतुओं में अंग-तंत्र (organ-system) स्तर का शारीरिक संगठन पाया जाता है। अंग मिलकर विभिन्न तंत्रों का निर्माण करते हैं।
- भ्रूणीय स्तर: ये त्रिस्तरीय (triploblastic) जीव हैं, जिनका शरीर तीन परतों— एक्टोडर्म (बाह्य त्वचा), एंडोडर्म (अंतः त्वचा) और मिसोडर्म (मध्य त्वचा)— से बना होता है।
- शारीरिक आकार: इनका शरीर लंबा और कृमिरूप (worm-like) होता है।
- खंडीभवन (Segmentation): इनका शरीर बाहर और अंदर दोनों तरफ से अंगूठी जैसे खंडों (segments) में बंटा होता है। शरीर के इस प्रकार के विभाजन को विखंडी खंडीभवन (Metameric segmentation) कहा जाता है।
- आंतरिक संरचना: प्रत्येक खंड (metamere) में प्रगुहा (coelom), तंत्रिका तंत्र और उत्सर्जन तंत्र के हिस्से मौजूद होते हैं।
- विभाजक (Septa): विभिन्न खंडों के बीच पाए जाने वाले अनुप्रस्थ पर्दों को सेप्टा (विभाजक) कहा जाता है।
- सममिति: इनका शरीर द्विपार्श्व सममित (bilaterally symmetrical) होता है, अर्थात् इन्हें मध्य अक्ष से काटने पर शरीर दो समान भागों में बंट जाता है।
वर्गीकरण
ऐनेलिडा संघ को मुख्य रूप से चार वर्गों में विभाजित किया गया है:
- पॉलीकीटा (Polychaeta): इसके उदाहरण हैं - सैंडवर्म (Sandworm), सी माउस (Sea mouse), पैडल वॉर्म (Paddle worm), लगवर्म (Lugworm) और पालोलो वॉर्म (Palolo worm)।
- ओलिगोकीटा (Oligochaeta): इसके अंतर्गत केंचुए (Earthworms) आते हैं।
- हिरुडिनिया (Hirudinea): इसके अंतर्गत जोंक (Leeches) आती हैं।
- आर्किएनेलिडा (Archiannelida): इसका मुख्य उदाहरण पॉलीगॉर्डियस (Polygordius) है।
